फतेहपुर। जनपद के मलवा थाना क्षेत्र के तारापुर असवार गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति की आग में झुलसने से मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अवधेश उर्फ पवन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान पत्नी प्रीति उर्फ विनीता देवी ने कथित तौर पर पति पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरने से अवधेश गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली तथा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद तारापुर असवार गांव में सनसनी और शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।








