फतेहपुर: रिंद नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 

फतेहपुर। जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में रिंद नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अगले दिन सुबह नदी में उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, बकेवर थाना क्षेत्र के जरियाना गांव, मजरा मथुरापुर निवासी रामराज निषाद (35) शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रिंद नदी में नहाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई।

 

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में एक शव उतराता देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान होने पर मृतक की शिनाख्त रामराज निषाद के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्नान के दौरान डूबने से उनकी मौत हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

 

घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रामराज अपने पीछे पत्नी रजनी देवी, पुत्र सूरज (9 वर्ष) तथा दो पुत्रियां काजल (12 वर्ष) और प्रीति (6 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है। गांव में शोक का माहौल है और लोगों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

 

मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

 

पुलिस ने बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान या प्रवेश करते समय विशेष सतर्कता बरतें, क्योंकि इस मौसम में जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से हादसों की आशंका अधिक रहती है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment