कानपुर। बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भागने के प्रयास में वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराया, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक ट्रैफिक सिपाही की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जो वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे। वहीं घायल सिपाही राकेश कुमार, निवासी बुलंदशहर, को गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक दोनों ट्रैफिक सिपाहियों की ड्यूटी नौबस्ता बाईपास पर लगी थी। तड़के एलिवेटेड रोड पर जाम लगने की सूचना मिलने पर दोनों बाइक से मौके के लिए रवाना हुए। बर्रा एलिवेटेड रोड पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक का वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसा, जिससे चालक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के चलते करीब दो घंटे तक एलिवेटेड रोड पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी, कानपुर








