फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हेमलता पटेल ने मंगलवार को सुजानपुर (बहुआ देहात) में ग्रामीण महिलाओं और बेटियों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की। सामाजिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच खेत में श्रम करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।
धान की रोपाई के दौरान हेमलता पटेल ने कहा कि मेहनत और श्रम से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रही है और आज भी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद उनका जुड़ाव गांव और खेतों से बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मिट्टी से जुड़ाव ही किसान की असली पहचान है और यही हमारी संस्कृति की ताकत भी है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसानों की कड़ी मेहनत से अन्न का उत्पादन होता है, इसलिए भोजन के एक-एक दाने का सम्मान करें और अन्न की बर्बादी से बचें।
इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में भी किसान बिजली की अनियमित आपूर्ति, सिंचाई के लिए पानी की कमी और खाद की उपलब्धता जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि किसानों की परेशानियों का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो किसान हितों की रक्षा के लिए आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान मौजूद रहे और सभी ने मिलकर धान की रोपाई में हिस्सा लिया। हेमलता पटेल की इस पहल को ग्रामीणों ने श्रम के सम्मान और किसानों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश बताया।








