रिपोर्ट: पप्पू हाशमी, फतेहपुर।
फतेहपुर। जिले के हथगांव थाना क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र श्री जगन्नाथ धाम मंदिर, बड़ी सझिया परिसर में रविवार को समाजसेवी उमाशंकर साहू ने परिवार एवं सहयोगियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ससुर खदेरी नदी के तट पर आयोजित इस अभियान के दौरान करीब एक दर्जन छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
मोहल्ला मऊ पारा निवासी समाजसेवी उमाशंकर साहू ने बताया कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से अपने माता-पिता और परिवार के बच्चों के नाम पर प्रत्येक वर्ष मंदिर परिसर में पौधरोपण करते आ रहे हैं। उनका उद्देश्य हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
वृक्षारोपण के बाद उन्होंने मंदिर के महंत राजेश दास का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करना ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर भाजपा हथगांव मंडल अध्यक्ष गणेशी लाल साहू, विनीत तिवारी, मनोज सिंह, पंकज मिश्रा, महेश मोदनवाल, अंबुज मोदनवाल, राकेश साहू सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखरेख करने का संकल्प लिया।








