रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, कानपुर
महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा, मृतकों में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी शामिल
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एलएलआर अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








