राहुल द्विवेदी
ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यू भीमसेन स्टेशन के पास स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) रेलवे लाइन से बैटरी और अर्थिंग कॉपर चोरी करने वाले गिरोह का आरपीएफ ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को न्यू भीमसेन स्टेशन के निकट डीएफसी रेलवे लाइन पर लगे उपकरणों से बैटरी और अर्थिंग कॉपर चोरी कर लिया गया था। चोरी की पूरी घटना रेलवे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच में आरपीएफ सीआईबी ग्वालियर और आरपीएफ भीमसेन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में पवन गुप्ता निवासी केडीए कॉलोनी अर्रा बिनगवां, थाना हनुमंत विहार, आशीष यादव निवासी गढ़ेवा थाना बिधनू, मुज्जन उर्फ फराज खान निवासी मझावन थाना बिधनू तथा शिवम उर्फ अमन साहू निवासी केडीए कॉलोनी रामसली थाना हनुमंत विहार शामिल हैं।
आरपीएफ भीमसेन प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस प्रकार की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







