ब्यूरो रिपोर्ट राहुल द्विवेदी कानपुर
कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘साइबर वज्र’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सचेंडी थाना क्षेत्र में संचालित एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खेतों और बागों में बनी झोपड़ियों से फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर देशभर के लोगों को निशाना बना रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को पुलिस, क्राइम ब्रांच, सीबीआई और अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी की जाती थी। आरोपी लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से धनराशि हड़प लेते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 29 मोबाइल फोन, तीन कारें तथा कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद मोबाइल नंबरों से देश के विभिन्न राज्यों में करीब 200 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। गिरोह पर अब तक दो करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने का आरोप सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम बैंक खातों, लेन-देन के रिकॉर्ड तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
#KanpurPolice #CyberVajra #CyberCrime #CyberFraud #KanpurNews #CrimeNews #UPPolice #CyberGangBusted #DigitalFraud #BreakingNews #IndiaVartaNews #RahulDwivedi #Sachendi #CyberAlert #UPNews








