रिपोर्ट: फतेहपुर
फतेहपुर जिले की नगर पंचायत असोथर में लंबे समय से लोगों के लिए मुसीबत बनी जलभराव की समस्या के समाधान की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर ने असोथर रोड स्थित पावर हाउस के सामने जलभराव वाले स्थान का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा असोथर-हरनावा मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क किनारे जल निकासी के लिए समुचित नाली का निर्माण नहीं होने से बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश में भी सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। खासकर स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नीरज सिंह सेंगर ने अधिकारियों को पुरानी एवं क्षतिग्रस्त नाली को हटाकर नई नाली का निर्माण कराने तथा जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा।
अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर नाली निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। नगर पंचायत की इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी समस्या का अब स्थायी समाधान होगा।








