घाटमपुर फ्लाईओवर आंशिक रूप से खुला, हल्के वाहनों को मिली राहत

ब्यूरो रिपोर्ट राहुल द्विवेदी

कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित घाटमपुर फ्लाईओवर को मरम्मत और तकनीकी परीक्षण के बाद गुरुवार शाम से आंशिक रूप से यातायात के लिए खोल दिया गया है। फ्लाईओवर के खुलने से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

अब कार, बाइक, पिकअप और अन्य हल्के वाहन फ्लाईओवर का उपयोग कर सकेंगे। हालांकि, भारी वाहनों को फिलहाल अगले एक सप्ताह तक सर्विस रोड से ही गुजरना होगा। इसके बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि करीब चार वर्ष पूर्व 46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित घाटमपुर फ्लाईओवर का एक हिस्सा 21 जून को क्षतिग्रस्त हो गया था। एहतियात के तौर पर फ्लाईओवर को पूरी तरह बंद कर दिया गया था, जिससे यातायात सर्विस रोड पर स्थानांतरित हो गया और क्षेत्र में लंबे समय तक जाम की समस्या बनी रही।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करते हुए नया स्लैब तैयार कराया। निर्धारित अवधि तक कंक्रीट को मजबूत होने देने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद फ्लाईओवर को चरणबद्ध तरीके से यातायात के लिए खोला गया है।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि नए स्लैब पर तत्काल अधिक भार पड़ने से बचाने के लिए भारी वाहनों को अभी फ्लाईओवर पर अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद तकनीकी स्थिति का पुनः आकलन किया जाएगा, जिसके बाद भारी वाहनों के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

फ्लाईओवर के आंशिक रूप से शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से जाम और आवागमन की परेशानी झेल रहे लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही फ्लाईओवर पूरी क्षमता के साथ संचालित होने लगेगा।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment