फतेहपुर। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी द्वारा मानस रक्तकेंद्र में आयोजित तीन दिवसीय रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान 16 युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और राष्ट्रसेवा का परिचय दिया।
रक्तदान करने वालों में दानिश अर्श, मतीन खान, शुभम गुप्ता, दक्ष, अनमोल श्रीवास्तव, सार्थक, सुमित पटेल, आरिफ, हेमंत, शुभम सिंह, अवधेश, दीपराज, अनिल, अंकित पटेल, आशीष और राकेश मौर्य शामिल रहे। युवाओं के इस सराहनीय कदम ने कार्यक्रम में देशभक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश की।
रक्तदाताओं ने एक स्वर में कहा, “हमारे वीर जवान देश की सीमाओं पर अपने प्राणों की आहुति देकर हमारी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। हम सीमा पर जाकर देश की रक्षा नहीं कर सकते, लेकिन रक्तदान के माध्यम से किसी ज़रूरतमंद की जान बचाकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अवश्य दे सकते हैं। प्रत्येक स्वस्थ युवा को इस महादान में भाग लेना चाहिए।”
शिविर के समापन पर मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इस जीवनदायिनी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी के प्रतिनिधि फूल सिंह मौर्य, राजेश मौर्य, गुरमीत सिंह, मनु द्विवेदी, कुमार शेखर तथा मानस रक्तकेंद्र से प्रभारी अमन यादव, अनुस पटेल, विष्णु और बलराम विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर ने यह संदेश दिया कि देशसेवा केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा के माध्यम से भी की जा सकती है।








