दहेज उत्पीड़न के बाद विवाहिता की मौत, पति समेत चार ससुरालियों पर हत्या का आरोप

 

 

फतेहपुर। थाना चांदपुर क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पति सहित चार ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, थाना बिंदकी क्षेत्र के ग्राम भगौनापुर निवासी शैलेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री निकिता उमराव का विवाह 20 मार्च 2025 को ग्राम मकन्दीपुर निवासी अंकित उमराव पुत्र देशराज के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति अंकित, सास प्रमिला, ससुर देशराज और देवर अमन अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर निकिता को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

 

शिकायतकर्ता के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को आरोपियों ने कथित रूप से निकिता के साथ मारपीट कर उसे जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। गंभीर हालत में निकिता को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, बाद में कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पिता का दावा है कि घटना के बाद निकिता ने फोन कर अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी थी।

 

मृतका का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पिता ने थाना चांदपुर में पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

 

पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य एवं अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

उपसंपादक: श्री राम अग्निहोत्री, फतेहपुर

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment