फतेहपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम अस्ती जाने वाले कच्चे मार्ग पर शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस एवं फील्ड यूनिट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान एक शराब की बोतल, चार प्लास्टिक के गिलास, नमकीन के पैकेट तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिन्हें साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
मृतक की पहचान रामप्रकाश गुप्ता पुत्र रामसजीवन गुप्ता, निवासी राधानगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह थाना राधानगर का हिस्ट्रीशीटर था और उसके विरुद्ध चोरी व नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज थे। वह 10 अप्रैल 2026 को जेल से रिहा होकर बाहर आया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को अवगत कराया। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








