रिपोर्ट कुलदीप कुमार
फतेहपुर। सावन माह की शिवभक्ति के बीच बुधवार को धाता कस्बे से श्रद्धालु कांवड़ियों का एक विशाल जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। पूरे कस्बे में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रवानगी से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजू सरोज ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें गमछा पहनाकर शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना के साथ जत्थे को विदा किया गया।
कांवड़ यात्रा के दौरान कस्बे से लेकर अटेलवा पर तक भक्तिमय माहौल बना रहा। मार्ग में विभिन्न समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने सेवा शिविर लगाकर कांवड़ियों का स्वागत किया तथा पेयजल और जलपान की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया।
इस अवसर पर भानु प्रताप केसरवानी, विवेक सिंह, वीरेंद्र केसरवानी, मार्कण्डेय सिंह, धीरेंद्र केसरवानी, दीपू त्रिपाठी, उत्कर्ष जायसवाल, शिवम सेठ, गब्बर केसरवानी, कुलदीप चौधरी, इंद्रेश शर्मा, गुलाब सोनकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।








