फतेहपुर। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नासेपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के बाथरूम में पानी से भरे टब में 28 वर्षीय शालिनी यादव का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच तेज कर दी है। मृतका के पति, जो सरकारी शिक्षक हैं, को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शालिनी यादव अपने पति दिलीप यादव और आठ वर्षीय बेटे के साथ पिछले लगभग छह महीने से नासेपीर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थीं। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, पति ने बताया कि वह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। लौटने पर पत्नी को पानी के टब में पड़ा देखा, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि, घटनास्थल की जांच के दौरान मृतका के सिर और पैरों पर चोट के निशान पाए गए, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।








