असोथर/फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक करीब 110 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखन नामक युवक को इंस्टाग्राम पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रूप से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। बताया जा रहा है कि संदेशों में उसके घर पुलिस भेजने की बात कही गई थी। इससे घबराकर युवक सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे आने से इनकार कर दिया।
सूचना पर थाना प्रभारी राजीव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवक से लगातार बातचीत की। परिजनों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की।
करीब चार से पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद युवक दोपहर लगभग 12:30 बजे टावर से नीचे उतर आया। हालांकि नीचे आते ही वह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और भीड़ को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
फिलहाल पुलिस युवक की तलाश कर रही है। वहीं, इंस्टाग्राम पर कथित धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








