असोथर/फतेहपुर। असोथर कस्बे के प्रताप नगर वार्ड संख्या-14 में रविवार शाम एक निजी माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर का शव कमरे के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक की पहचान रमेश कुमार गुप्ता (47) निवासी जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह केशपार माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और असोथर स्थित कंपनी कार्यालय में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार कंपनी का कार्यालय प्रताप नगर में स्थित एक भवन की तीसरी मंजिल पर संचालित होता है, जहां रमेश कुमार अपने दो अन्य कर्मचारियों के साथ रहते थे। रविवार को दोनों सहकर्मी क्षेत्र में वसूली एवं कार्यालय संबंधी कार्य से बाहर गए थे। शाम को लौटने पर कमरे के अंदर रमेश कुमार को बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रमेश कुमार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और बुखार का इलाज करा रहे थे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस बीमारी सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन वाराणसी से असोथर के लिए रवाना हो गए। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।








