रिपोर्टर—सत्येंद्र कुमार
फतेहपुर। लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर पंचायत धाता के वार्ड नंबर-9, ठाकुर दरियाव सिंह नगर में बारिश के चलते कल्यान सोनी पुत्र चुन्नू प्रसाद सोनी का मकान गिर गया। मकान ढहने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है।
कल्यान सोनी अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ इसी मकान में रहते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण नया मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं है। पीड़ित परिवार का कहना है कि बारिश के कारण उनका आशियाना छिन गया और अब रहने के लिए सुरक्षित जगह तक नहीं बची है।
पीड़ित ने प्रशासन से आवास योजना का लाभ दिलाने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। लगातार बारिश के बीच मकान गिरने की घटना ने गरीब परिवारों की सुरक्षा और सरकारी आवास योजनाओं के लाभ पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







