पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने किया उद्घाटन, सैकड़ों किसानों को मिलेगी सुविधा
फतेहपुर। विकासखंड भिटौरा के ग्राम बरई खुर्द, पोस्ट बिलंदा में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) मोहम्मदपुर कला के नवीन प्रतिष्ठान का उद्घाटन पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों और किसानों ने उनका स्वागत किया।
नवीन प्रतिष्ठान शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे किसानों को जरूरी सामग्री के लिए दूर स्थित समितियों तक जाने की परेशानी कम होगी।
उद्घाटन के दौरान पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुविधाएं किसानों के नजदीक पहुंचने से उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
बिलंदा कॉपरेटिव के अध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि समिति के नवीन प्रतिष्ठान से क्षेत्र के किसानों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रतिष्ठान की स्थापना में सहयोग के लिए पूर्व विधायक का आभार जताया।
कार्यक्रम में सचिव आशीष प्रताप सिंह, प्रधान संतलाल पाल, मंडल अध्यक्ष सुधांशू पाण्डेय, आशीष लोधी, सुनील पासवान, अंकित मिश्रा, अंगद पाल समेत बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।








