रिपोर्टर — सत्येंद्र कुमार वर्मा
फतेहपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धाता क्षेत्र के ग्राम बेलाई में बारिश के चलते एक गरीब परिवार का पुराना कच्चा मकान भरभराकर गिर गया।
ग्राम बेलाई निवासी अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय प्यारे लाल अपनी पत्नी बालमती देवी और मां के साथ इसी मकान में रहते थे। लगातार बारिश के कारण मकान अचानक ढह गया, जिससे परिवार के सामने सिर छिपाने तक का संकट खड़ा हो गया है। गनीमत रही कि मकान गिरने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। स्थायी आय का कोई साधन नहीं होने के कारण परिवार बेहद तंगहाली में जीवन यापन कर रहा था। मकान गिरने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाते हुए प्रधानमंत्री आवास या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी बारिश से प्रभावित परिवार का तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।








