फतेहपुर में रसोइयों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, मानदेय बढ़कर ₹3 हजार

 

फतेहपुर। रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 कर दिया गया है। इसके साथ ही ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा गारंटी की घोषणा की गई है।

 

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह का फतेहपुर जिले की सभी छह विधानसभाओं में लाइव प्रसारण किया गया। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में रसोइयों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुए।

 

फतेहपुर सदर में गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में पूर्व सदर विधायक विक्रम सिंह, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, सीडीओ पवन कुमार मीणा और बीएसए प्रिंसी मौर्य की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। वहीं अयाह शाह के असोथर में विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद में विधायक राजेंद्र पटेल, बिंदकी में विधायक जयकुमार सिंह जैकी, खागा में विकास पासवान तथा हुसैनगंज में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

 

सरकार की घोषणाओं के तहत रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि के साथ वर्ष में एक बार मिलने वाला वस्त्र-परिधान भत्ता भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है। गंभीर बीमारी की स्थिति में ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा गारंटी का प्रावधान किया गया है।

 

घोषणाओं का रसोइयों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment