फतेहपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में खाद्य विभाग ने खागा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने 24 अगस्त को खागा थाना क्षेत्र के सतनरैनी गांव स्थित मिठाई निर्माण कारखाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारखाने में अस्वच्छ परिस्थितियों में मिल्क केक, बर्फी और छेना रसगुल्ला का निर्माण होता मिला। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर टीम ने छेना, मिल्क केक, बर्फी और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए।
कार्रवाई के दौरान 134 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल सीज किया गया, जबकि कारखाने में तैयार करीब 10 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई। इसके अलावा पिताम्बरा कोल्ड स्टोरेज, कोडरपुर में रक्षाबंधन पर दुकानदारों को बिक्री के लिए रखी करीब 20 कुंतल मिठाई भी नष्ट कराई गई। इस तरह कुल 30 कुंतल मिठाई नष्ट कराई गई।
खाद्य विभाग के अनुसार कारखाना संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जा रहा है। आवश्यक सुधार होने तक कारखाना बंद करा दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी खागा रवि सिंह मौजूद रहे। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र और देवेश मिश्रा शामिल रहे।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से रक्षाबंधन के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर भी सतर्कता बढ़ गई है।








