फतेहपुर। इंटर के छात्र तेजस द्विवेदी के निधन के बाद सोमवार को भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। जिलाध्यक्ष के निर्देश पर जिला उपाध्यक्ष उदय लोधी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के बाबा, चाचा और अन्य परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें हरसंभव सहयोग और न्याय का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में व्यापारी नेता प्रदीप गर्ग, महामंत्री सुशीला मौर्या, नगर उत्तरी मंडल अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दिनेश गुप्ता के अलावा अखिलेश कुमार, विनोद सिंह चन्देल और लकी द्विवेदी शामिल रहे।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष उदय लोधी ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई हो रही है और आगे भी जो आवश्यक एवं न्यायोचित कार्रवाई होगी, वह सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति के अनुरूप कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रकरण में किसी प्रकार के दबाव या भेदभाव के बजाय तथ्यों और कानून के आधार पर कार्रवाई की उम्मीद है।
भाजपा नेताओं ने परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में संगठन पीड़ित परिवार के साथ है और न्याय की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।








