फतेहपुर। शाह पुलिस चौकी की कार्यप्रणाली को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों और किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर चौकी प्रभारी पर मामलों में कथित लापरवाही, एकतरफा रवैया और शिकायतों के निस्तारण में भेदभाव के आरोप लगाए। किसानों ने संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई कराने के साथ शाह चौकी में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की मांग की है।
किसानों ने ज्ञापन में ग्राम शाह निवासी दीपक गुप्ता के खेत की मेड़ तोड़कर कब्जे के प्रयास का मामला प्रमुखता से उठाया। किसानों का आरोप है कि चौकी स्तर से नाप-जोख कराए जाने के बाद भी मेड़ दोबारा नहीं बांधी गई और मामला राजस्व विभाग का बताकर कार्रवाई से किनारा कर लिया गया। संगठन के अनुसार थाना दिवस में अधिकारियों के सामने संबंधित पक्ष द्वारा गलती स्वीकार किए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
इसी तरह गाटा संख्या 2830 की बंजर भूमि को लेकर भी किसानों ने शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि भूमि पर कृषि यंत्र खड़ा करने के बावजूद पड़ोसी पक्ष द्वारा ईंट और मोरंग डालकर निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अयाह क्षेत्र के किसान संतोबा के मामले में भी संगठन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। किसानों के मुताबिक धारा 24 की कार्रवाई और पत्थरगढ़ी के बाद दबंगों द्वारा पत्थर उखाड़ दिए गए। इस मामले में उपजिलाधिकारी के आदेश के बावजूद मुकदमा दर्ज न किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वहीं भगवानपुर गांव में मारपीट के मामले में भी किसानों ने आरोप लगाया कि चोटिल व्यक्ति पर ही समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने शाह चौकी पर महिलाओं की सुनवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायत लेकर पहुंचने वाली महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। इसके लिए चौकी में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की मांग की गई है।
किसान नेताओं का कहना है कि पुलिस चौकी से जुड़े मामलों में स्पष्ट और निष्पक्ष कार्रवाई होने से ही ग्रामीणों का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिला महासचिव प्रीतम सिंह चंदेल, सदर तहसील अध्यक्ष दीपक गुप्ता, युवा ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत यादव, पवन शुक्ला, उग्रसेन सिंह, राजकुमार मौर्य, पुत्तन सिंह, विक्रम सिंह, शिवपाल सिंह, धर्मराज सिंह, हरिओम सिंह, दीपक कुमार गुप्ता, कमलेश पांडे, रंजीत लोधी, राजकुमारी, राम कुमारी और अर्जुन सिंह समेत दर्जनों किसान शामिल रहे।








