असोथर के बगहा में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी महिलाओं की भीड़, विधायक ने बहनों के सम्मान और सुरक्षा का दिया भरोसा
फतेहपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के असोथर मंडल अंतर्गत सरकंडी के मजरा बगहा स्थित लोक भारती इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। विभिन्न गांवों से आई बहनों ने विधायक विकास गुप्ता की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। राखी बांधने के दौरान बहनों में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने विधायक को राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस मौके पर विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि बहनों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी का पर्व भी है। क्षेत्र की बहनों और बेटियों के सम्मान व सुरक्षा के लिए वह हर संभव प्रयास करते रहेंगे।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसकी जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी चर्चा का विषय रही।
आयोजन के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी के चलते परिसर में देर तक चहल-पहल बनी रही।








