असोथर/फतेहपुर। नगर पंचायत असोथर के बौंडर वार्ड नंबर-3 में करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी सर्वेश कुमार की भैंस ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पास में लगे विद्युत पोल में करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत पोल और तारों की जांच कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था की खामियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।








