व्यापार मंडल ने डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन, यातायात और जनसुरक्षा के मुद्दे उठाए

 

 

फतेहपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल फतेहपुर ने जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर शहर की यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल ने रोडवेज बसों का संचालन परिसर के अंदर से कराने, शादीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने समेत कई मांगें उठाईं।

 

ज्ञापन में कहा गया कि रोडवेज बसों के परिसर के बाहर से संचालन के कारण जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। व्यापार मंडल ने बस चालकों और परिचालकों द्वारा बसों को परिसर के अंदर से संचालित कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं शादीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के आबादी के बीच होने का हवाला देते हुए गोदाम को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की गई।

 

व्यापार मंडल ने मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज बनाए जाने की भी मांग रखी। संगठन का कहना है कि हाईवे पार कर मेडिकल कॉलेज जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इससे सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम कम होगा।

 

इसके अलावा सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में व्यापार मंडल के कम से कम दो पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व देने तथा सड़कों के बीच आ चुके विद्युत पोलों को मार्ग के किनारे स्थानांतरित कराने की मांग की गई। व्यापार मंडल ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए इन समस्याओं का समय रहते समाधान जरूरी है।

 

ज्ञापन देने वालों में जिला संरक्षक विनोद गुप्ता, जिला प्रभारी संजय गुप्ता, रज्जन गुप्ता, संजय जौहरी, मो. आसिफ एडवोकेट, अनीत अग्रहरि एडवोकेट, धीरज कुमार, बृजेंद्र यादव एडवोकेट समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment