फतेहपुर। बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कथित अंतरजनपदीय गिरोह पर फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम डिटेक्शन टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की कई घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, ₹34,400 नकद, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और KIA CARENS कार बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर को साई बिहार कॉलोनी और 16 सितंबर को शेखपुर उनवा में बंद मकानों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 22 सितंबर 2026 को सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह और दीपक उर्फ अंशू के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चारपहिया वाहन से अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मकान खाली मिलने पर ताला तोड़कर चोरी करते और बाद में नकदी व जेवरात आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से सोने की चेन, महाराजा हार, अंगूठियां, झुमके, झाला, चांदी की बिछिया, ब्रेसलेट, गणेश-लक्ष्मी का सिक्का समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा कार से पाइप रिंच, प्लास, कटर, पेचकश और सब्बल जैसे औजार भी मिले हैं।
पूछताछ के दौरान गिरोह द्वारा मध्य प्रदेश समेत अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदातें किए जाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। इन घटनाओं की पुष्टि के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है। साथ ही चोरी के माल को खपाने में मदद करने वाले संभावित लोगों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस अब गिरोह की आपराधिक गतिविधियों और पुराने मामलों से इसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने टीम की सफलता की सराहना करते हुए ₹25 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए बंद छोड़ते समय सुरक्षा के इंतजाम रखें और आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।








