स्वच्छता ही सेवा-2026 और सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर में लगातार हो रहे जागरूकता व सेवा कार्यक्रम
फतेहपुर। शहर को स्वच्छ रखने के साथ सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा को लेकर नगर पालिका परिषद फतेहपुर की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत 17 सितंबर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान स्वच्छता जागरूकता रैली, युवा पाठशाला, स्वास्थ्य शिविर, विशेष सफाई अभियान और सफाई मित्रों की सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
रैली से लेकर युवा पाठशाला तक हुए कार्यक्रम
17 सितंबर को गांधी पार्क कलेक्ट्रेट परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। 22 सितंबर को स्कूल-कॉलेजों में ‘युवा पाठशाला’ आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, जबकि 23 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ 157 घंटे के लगातार विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। ‘सेवा मेरा योगदान’ और स्वच्छता रंगोली जैसे कार्यक्रमों के जरिए भी स्वच्छता का संदेश दिया गया।
सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और आयुष्मान कार्ड
30 सितंबर को नगर पालिका परिषद फतेहपुर के सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के ‘सफाई मित्र सुरक्षा कार्यक्रम’ का सजीव प्रसारण कराया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजकुमार मौर्य और अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने सफाई कर्मचारियों एवं वेस्ट पिकर्स को सुरक्षा किट और आयुष्मान योजना के कार्ड वितरित किए।
अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक संसाधन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान में अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में सभासदगण के साथ के.आर. चन्द्राकर, राकेश कुमार गौड़ (सफाई एवं खाद्य निरीक्षक), संजय सिंह (जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय), मो. हबीब, गुलाब सिंह, सौरभ तिवारी समेत सफाई नायक, स्वच्छता दूत, एमटीआई टीम, पिनाका टीम और नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पालिका की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और सफाई मित्रों की सुरक्षा व कल्याण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।








