धाता में बदहाल सड़कों के खिलाफ उतरे लोग, दो वार्डों के ग्रामीणों ने नगर पंचायत में सौंपा ज्ञापन

 

 

सुरझानपुर और भीटापर के मार्गों की मरम्मत की मांग, नाली निर्माण व अतिक्रमण हटाने की भी उठाई आवाज

 

धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत कारीकान धाता के दो वार्डों में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। सुरझानपुर वार्ड संख्या-2 स्थित ज्योतिबा फुले नगर और भीटापर वार्ड संख्या-3 स्थित भीम नगर के करीब दो सैकड़ा महिला-पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिशासी अधिकारी प्रावेद्र कुमार और नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज को प्रार्थना पत्र सौंपकर बदहाल सड़कों के जल्द निर्माण की मांग की।

 

मोहल्लेवासियों के मुताबिक, सुरझानपुर से भीटापर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से कच्चा और गड्ढों से भरा हुआ है। यह रास्ता माजिजगंज को भी जोड़ता है। बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बदहाली के कारण रोजाना आवागमन करना मुश्किल हो गया है।

 

इसी तरह भीटापर से बीआरसी रोड को जोड़ने वाले रास्ते की स्थिति भी खराब बताई गई। लोगों ने बताया कि नाली की व्यवस्था नहीं होने और अतिक्रमण के चलते रास्ता संकरा हो गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस के पहुंचने को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई।

 

स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क निर्माण कराने की मांग

 

ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने दोनों मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराने के साथ सीसी रोड या इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने, नाली निर्माण कराने और रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने की अपील की।

 

ज्ञापन देने वालों में विवेक राय, बब्बू सिंह, चुन्नी लाल, राजेश, आशीष, शिवसागर, लवकुश सोनकर, शुभम यादव, कलावती, रंजना, संगीता और सीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। अब लोगों को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने का इंतजार है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment