बिजली समेत जनसमस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) का अनिश्चितकालीन घेराव, महिला शक्ति ने भी संभाला मोर्चा
धाता/फतेहपुर। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अन्य जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने धाता पावरहाउस पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित घेराव में किसान, मजदूर और बड़ी संख्या में महिलाओं ने शामिल होकर जिम्मेदार विभागों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने प्रशासन को दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम देते हुए सभी संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को मौके पर पहुंचने की मांग की है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान कराने के लिए अधिकारियों को धरनास्थल पर आकर किसानों और क्षेत्रीय जनता की शिकायतें सुननी होंगी।
आंदोलनकारियों ने राजस्व विभाग से एसडीएम, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, पुलिस विभाग के क्षेत्राधिकारी, जल जीवन मिशन और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं, धाता नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी तथा धाता ब्लॉक के बीडीओ को मौके पर बुलाने की मांग उठाई है।
महिला शक्ति की भागीदारी से आंदोलन को मिला बल
घेराव में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गिरजा शंकर मिश्र, जिला सचिव केपी सिंह, युवा जिला संयोजक महेश फौजी, तहसील अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, युवा ब्लॉक अध्यक्ष रबी सिंह, नगर अध्यक्ष बब्बू सिंह, युवा नगर अध्यक्ष गंगा सिंह, नगर उपाध्यक्ष नरेश मौर्या, ब्लॉक उपाध्यक्ष बिनोद सिंह, विजयीपुर ब्लॉक अध्यक्ष अम्बोल सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं महिला प्रकोष्ठ की तहसील अध्यक्ष रूबी देवी, मनोरमा और सुनीता समेत अन्य महिलाओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।
समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं के निस्तारण के संबंध में ठोस पहल नहीं करते, तब तक घेराव जारी रखा जाएगा। अब सभी की निगाहें दोपहर 2 बजे तक प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी और किसानों की मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्ट: कुलदीप कुमार







