अमावस्या पर ओमघाट में गंगा आरती, श्रद्धालुओं ने दीपदान कर लिया स्वच्छता का संकल्प

 

गंगा बचाओ सेवा समिति और जिला गंगा समिति की पहल, मां गंगा को निर्मल-अविरल बनाए रखने का दिया संदेश

 

फतेहपुर। अमावस्या के अवसर पर ओमघाट में गंगा आरती एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गंगा बचाओ सेवा समिति, नमामि गंगे और जिला गंगा समिति के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती उतारी और दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गंगा घाट की साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम का आयोजन गंगा बचाओ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’ के नेतृत्व में किया गया। आयोजन के माध्यम से गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

 

गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी

 

गंगा आरती में महर्षि विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मां गंगा को निर्मल और अविरल बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। गंगा नदी भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

 

वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राम प्रताप सिंह गौतम ने लोगों से गंगा में कूड़ा-कचरा और अन्य गंदगी न डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।

 

श्रद्धालुओं को दिलाया स्वच्छता का संकल्प

 

कार्यक्रम के समापन पर डीपीओ ज्ञान तिवारी ने गंगा आरती में शामिल श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और गंगा सहित अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर गायत्री परिवार के रामस्वरूप गुप्ता, रविंद्र सिंह, लक्ष्मी सिंह, माही तिवारी, नीतू गुप्ता, पंकज कुमार, राघवेंद्र, अनुज, वीरेंद्र साहू, सुरेंद्र पाठक, प्रांशु रस्तोगी, विवेक, माधव दीक्षित, अहम शर्मा, सुमित, शिवम मिश्रा और आर्यन मिश्रा सहित अन्य गंगा भक्त मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम के जरिए श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता का संदेश दिया। आयोजकों ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

 

 

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment