आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे हादसे में असोथर के अभिषेक त्रिपाठी की मौत, पैतृक गांव में पसरा मातम

 

पूर्व भाजपा सांसद के स्कॉर्ट में तैनात थे हेड कांस्टेबल अभिषेक, हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना से परिवार में मचा कोहराम

असोथर/फतेहपुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में असोथर निवासी हेड कांस्टेबल अभिषेक त्रिपाठी उर्फ अन्नू (38) की मौत की सूचना से उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के स्कॉर्ट में चल रही स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराने के बाद हुए हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां शकुंतला त्रिपाठी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह परिजनों के साथ कानपुर के लिए रवाना हो गईं।

पत्नी और चार साल की बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़

अभिषेक त्रिपाठी स्वर्गीय संजीव कुमार त्रिपाठी के बड़े बेटे थे। उनकी शादी 13 दिसंबर 2015 को कानपुर के रामादेवी निवासी गुड़िया त्रिपाठी से हुई थी। वह अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटी प्रतीक्षा त्रिपाठी के साथ कन्नौज में रहकर पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उन्हें पुलिस सेवा में करीब 18 वर्ष का अनुभव था।

अभिषेक ने बीए की पढ़ाई के साथ फतेहपुर से आईटीआई भी किया था। दो भाइयों में वह सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई आशीष त्रिपाठी कानपुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में अध्यापन कार्य करते हैं। आशीष की शादी वर्ष 2025 में हुई थी। परिवार के पास करीब 15 बीघा कृषि भूमि भी है।

पैतृक आवास पर शोक, गांव में पसरा सन्नाटा

अभिषेक की मौत की सूचना मिलते ही असोथर स्थित उनके पैतृक आवास पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। परिवार के लोग हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगे हैं। जवान बेटे को खोने के गम में मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, पत्नी गुड़िया और मासूम बेटी प्रतीक्षा के सिर से पिता का साया उठने की खबर ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस सेवा में वर्षों तक जिम्मेदारी निभाने वाले अभिषेक की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment