फतेहपुर। जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने वाली फतेहपुर की संस्था ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ को कानपुर में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। संस्था को यह सम्मान रक्तदान के माध्यम से लोगों का जीवन बचाने और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कानपुर के दून इंटरनेशनल स्कूल में सरदार हरि सिंह नलवा एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं हस्तियों को सम्मानित किया गया।
रक्तदान के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों की सराहना
समारोह में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को फतेहपुर जनपद में नियमित रक्तदान अभियान चलाने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए विशेष सम्मान दिया गया। संस्था की ओर से प्रबंधक गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथि दविंदर सिंह बिंद्रा के हाथों सम्मान प्राप्त किया।
मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरु सिख एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष दविंदर सिंह बिंद्रा और आईआईटी के वक्ता डॉ. अमनदीप सिंह ने सिख धर्म के मूल सिद्धांतों ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ की व्याख्या की। वक्ताओं ने कहा कि अपनी कमाई का दसवां हिस्सा जरूरतमंदों की सेवा में लगाना मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण संदेश देता है।
रक्तदाताओं और सहयोगियों को समर्पित किया सम्मान
सम्मान प्राप्त करने के बाद संस्था के प्रबंधक गुरमीत सिंह ने आयोजक ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संस्था से जुड़े सभी रक्तदाताओं, सदस्यों और सहयोगियों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। संस्था आगे भी निस्वार्थ भाव से मानव सेवा और रक्तदान के कार्यों को जारी रखेगी।
समारोह में ट्रस्ट के संस्थापक गुरशरण सिंह, निदेशक अमरप्रीत सिंह, प्रबंधक हर्षप्रीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
India Varta News | फतेहपुर






