बैंक खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने पर खूनी विवाद! बेटी की हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

 

 

कुएं में शव डालकर हादसे का किया नाटक, फिर यमुना में बहाया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उजागर किया हत्या का राज

 

फतेहपुर। पैसों के विवाद ने पिता और बेटी के रिश्ते को खून से रंग दिया। जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बारा में युवती प्राची सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बेटी की मौत कुएं में गिरने से नहीं, बल्कि गला घोंटने और सिर में चोट लगने से हुई थी। आरोपी पर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव यमुना नदी में फेंकने का भी आरोप है।

 

मामले की शुरुआत 19 नवंबर को हुई, जब ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद श्मशान घाट के पास यमुना नदी में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया। इसी दौरान जाफरगंज के ग्राम बारा में प्राची सिंह की मौत और शव को यमुना में प्रवाहित किए जाने की जानकारी पुलिस तक पहुंची। शव के फोटो, कपड़े और चादर दिखाए जाने पर माता-पिता सुधा देवी और जितेंद्र सिंह ने उसकी पहचान अपनी बेटी के रूप में की।

 

शुरुआत में पिता जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया था कि चारा डालते समय भैंस की टक्कर लगने से प्राची कुएं में गिर गई थी और उसकी मौत हो गई। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने तथा सिर में चोट के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की नए सिरे से जांच शुरू कर दी।

 

जांच में पैसों के विवाद की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, प्राची ने घटना से पहले पिता के बैंक खाते से 50 हजार रुपये अपनी मां के खाते में ट्रांसफर किए थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्री के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का दावा है कि इसी नाराजगी में आरोपी ने 9/10 नवंबर की रात बेटी की गला कसकर हत्या कर दी।

 

हत्या को दुर्घटना दिखाने के लिए आरोपी ने शव को घर के सामने स्थित कुएं में डाल दिया और ग्रामीणों को भैंस की टक्कर से बेटी के कुएं में गिरने की कहानी सुनाई। आरोप है कि अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना दिए बिना शव को कुएं से निकलवाकर यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया गया, जिससे वारदात के साक्ष्य मिटाए जा सकें।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की पड़ताल ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। जाफरगंज पुलिस ने आरोपी जितेंद्र सिंह पुत्र नाहर सिंह निवासी ग्राम बारा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 204/2026 में बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment

शहर चुनें