चार दुकानों की हुई जांच, शिवपूजन किराना स्टोर से दयाल ब्रांड सुपारी का नमूना प्रयोगशाला भेजा; रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
फतेहपुर। मिलावटी तंबाकू मिश्रित गुटखा की बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ललौली बाजार में जांच अभियान चलाया। 23 नवंबर को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चार दुकानों पर छानबीन की। जांच के दौरान शिवपूजन किराना स्टोर पर दयाल ब्रांड की सुपारी बिक्री के लिए रखी मिली। इसमें मिलावट की आशंका पर विभाग ने नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा और 19 पैकेट सीज कर दिए।
यह कार्रवाई आईजीआरएस संदर्भ संख्या 40017226044629 के तहत दर्ज शिकायत के निस्तारण के क्रम में की गई। शिकायत में ललौली बाजार में मिलावटी तंबाकू मिश्रित गुटखा बेचे जाने की आशंका जताई गई थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित की मौजूदगी में टीम ने शिवपूजन किराना स्टोर सहित सर्वेश, फकीरा और सहदेव की दुकानों की जांच की। विभागीय आख्या के अनुसार, सर्वेश, फकीरा और सहदेव की दुकानों पर संबंधित गुटखा का भंडारण नहीं पाया गया। वहीं शिवपूजन की दुकान पर दयाल ब्रांड की लगभग 27 पैकेट सुपारी बिक्री के लिए रखी मिली।
सुपारी में अपमिश्रण का संदेह होने पर टीम ने नियमानुसार नमूना संग्रहित किया। शेष 19 पैकेट को सीज कर दुकानदार की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया। नमूने को खाद्य प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II वीरेंद्र सिंह कुशवाहा की ओर से जारी जांच आख्या में स्पष्ट किया गया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अब पूरे मामले में प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि संबंधित सुपारी में मिलावट या अपमिश्रण की पुष्टि होती है या नहीं।






