फतेहपुर: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दादा-पोता गंभीर रूप से घायल

असोथर (फतेहपुर): जनपद के असोथर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मटिया सरकंडी ईंट भट्ठे के पास एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दादा और पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, किशनपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव निवासी अंकित (19 वर्ष) अपने पिता ओमप्रकाश के साथ बहन सुष्मिता को उसकी ससुराल (बांदा जिला) छोड़कर वापस लौट रहा था। रास्ते में उसने अपने बाबा दशरथ (50 वर्ष) को भी साथ ले लिया, जो पास ही एक निमंत्रण में आए हुए थे।

घर लौटने से पहले दोनों असोथर के विधातीपुर गांव में अपने मामा कृष्णदत्त निषाद से मिलने रुके थे। देर शाम जब अंकित और उसके बाबा मोटरसाइकिल से वापस मड़ौली जा रहे थे, तभी मटिहा सरकंडी सड़क पर स्थित भट्ठे के पास सामने से आ रही एक बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस पर लगा आरोप, नंबर प्लेट की फोटो मिली

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल फतेहपुर के लिए रेफर कर दिया।

घायल अंकित का आरोप है कि टक्कर मारने वाली बोलेरो में पुलिसकर्मी सवार थे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल पर बोलेरो की नंबर प्लेट की फोटो मिल गई है, जिसके आधार पर जांच की बात कही जा रही है।

नोट: फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment