
फतेहपुर। कहते हैं कि स्वाद अगर लाजवाब हो तो वह सरहदों और ओहदों की दीवारें तोड़ देता है। कुछ ऐसा ही नजारा खागा तहसील क्षेत्र के सुल्तानपुर घोष स्थित चौकी चौराहा पर देखने को मिला, जहाँ की मशहूर ‘शेषमन की चाय’ का लुत्फ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने उठाया।
आर्यन कॉमेडियन ने अपने हाथों से परोसी चाय
दौरे के दौरान जब अखिलेश यादव का काफिला क्षेत्र से गुजरा, तो मशहूर डिजिटल क्रिएटर और चाय दुकान संचालक शेषमन यादव के पुत्र आर्यन यादव (आर्यन कॉमेडियन) ने उन्हें अपने हाथों से चाय पेश की। अखिलेश यादव को चाय का स्वाद इतना पसंद आया कि उन्होंने एक नहीं बल्कि दो कप चाय पी और चाय की जमकर सराहना की।
सोशल मीडिया पर अखिलेश ने खुद पोस्ट की फोटो
इस मुलाकात की खास बात यह रही कि अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से आर्यन यादव के हाथों चाय लेते हुए फोटो भी पोस्ट की। पूर्व मुख्यमंत्री के इस अंदाज ने जहाँ आर्यन यादव को रातों-रात चर्चा में ला दिया, वहीं चौकी चौराहा की इस मशहूर चाय को अब ‘वीआईपी’ पहचान मिल गई है।
गर्व से गदगद हुआ शेषमन यादव का परिवार
इस खास पल के बाद दुकान संचालक शेषमन यादव, उनके बेटे आर्यन यादव, दीपक यादव और पूरा स्टाफ बेहद खुश है। परिवार का कहना है कि:
“हमारे लिए यह बड़े गर्व की बात है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने हमारी दुकान की चाय पी और उसकी तारीफ की। हमारी चाय पहले से ही लोगों के बीच लोकप्रिय थी, लेकिन आज इसे एक नई ऊंचाई मिल गई है।”








