भीषण सड़क हादसे में दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम: टीकर गांव के पास हुई थी दो बाइकों की भिड़ंत

असोथर (फतेहपुर): थाना क्षेत्र के टीकर गांव के पास पिछले दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अब मौत का आंकड़ा दो हो गया है। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक पंकज पासवान ने भी रविवार की सुबह जिंदगी की जंग हार दी। इससे पहले इसी हादसे में घायल कल्लू पासवान की मौत हो चुकी है। एक ही दुर्घटना में दो होनहार युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

गौरतलब है कि सोमवार दोपहर सेंट वीएन इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों (अपाचे और स्प्लेंडर) के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई थी। इस टक्कर में हरनवा निवासी पंकज पासवान (20) पुत्र स्व. राधेलाल और सातों धरमपुर निवासी कल्लू पासवान (24) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हादसे के तुरंत बाद कल्लू पासवान को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं, पंकज की नाजुक हालत को देखते हुए उसे कानपुर के हैलट और फिर लखनऊ पीजीआई रेफर किया गया था। इलाज के बाद परिजन उसे घर ले आए थे, लेकिन रविवार सुबह अचानक उसकी सांसें थम गईं।

परिवार में कोहराम, मां का रो-रोकर बुरा हाल

पंकज की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुँची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पंकज दो भाइयों में छोटा था और उसकी मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। बड़ा भाई मुकेश, जो पुणे में मजदूरी करता है, भाई की गंभीर हालत की सूचना पर पहले ही घर पहुँच गया था। मां और परिजनों का विलाप देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

पुलिस की कार्यवाही

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर ने बताया, “सड़क दुर्घटना में घायल दूसरे युवक पंकज पासवान की भी मौत हो गई है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को पहले ही पुलिस ने कब्जे में ले लिया था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।”

India Varta News
Author: India Varta News

India Help Foundation सच्ची खबरें और सामाजिक सरोकार। आपकी आवाज़, आपकी ताकत।

Leave a Comment