फतेहपुर (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। किशनपुर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर अगेलवा आम तिराहा पर दुकान चलाने वाले एक दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियाँ देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरी घटना?
चैतनपुर निवासी आशीष कुमार (पुत्र बचानी), जो कि पेशे से इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग और नाई का काम करते हैं, ने आरोप लगाया है कि 28 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे आधा दर्जन दबंगों ने उनकी दुकान पर धावा बोल दिया।
दबंगों ने छीना मोबाइल, दी दुकान बंद करने की चेतावनी
पीड़ित आशीष के मुताबिक, हमलावरों ने न केवल उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, बल्कि उन्हें जातिसूचक गालियां देकर अपमानित भी किया। जब आशीष ने मदद के लिए अपने मकान मालिक को फोन करना चाहा, तो दबंगों ने उनका मोबाइल छीन लिया। दबंगों ने धमकी दी है कि “चुनाव तक अपनी दुकान बंद रखना, वरना दुकान में चोरी करवा देंगे और जान से मार देंगे।”
इन पर लगा है आरोप:
पीड़ित ने थाने में दिए पत्र में मुख्य रूप से इन लोगों को नामजद किया है:
आशीष तिवारी उर्फ पंकज (पुत्र दिनेश तिवारी)
रवि तिवारी उर्फ अनुराग तिवारी (पुत्र दिनेश तिवारी)
पवन निषाद (निवासी खलवा)
विनोद यादव (निवासी निमैनापुर)
न्याय की मांग:
पीड़ित आशीष कुमार का कहना है कि आरोपी रसूखदार और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने किशनपुर थाना अध्यक्ष से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें अपनी दुकान दोबारा खोलने के लिए सुरक्षा प्रदान की जाए।








