✍️राहुल द्विवेदी। कानपुर ब्यूरो चीफ
कानपुर। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। परिसर के भीतर एक छात्रा ने तीन छात्रों पर क्लासरूम में बंधक बनाकर दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
खाने के बहाने बुलाया, फिर की दरिंदगी की कोशिश
पीड़ित छात्रा के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना 16 मार्च की है। आरोप है कि नामजद तीनों छात्रों ने उसे साजिश के तहत एक खाली क्लासरूम में खाने के बहाने बुलाया था। कमरे में सन्नाटा देख आरोपियों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर जब अन्य छात्र उस ओर दौड़े, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
दहशत और अवसाद में रही छात्रा
घटना के बाद आरोपी छात्र लगातार पीड़िता को डराते-धमकाते रहे, जिससे वह गहरे मानसिक अवसाद (Depression) में चली गई थी। कई दिनों तक दहशत में रहने के बाद छात्रा ने हिम्मत जुटाई और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे छात्रा ने कुलपति और रजिस्ट्रार को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
विश्वविद्यालय की कार्रवाई: 7 दिन में मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंतरिक जांच समिति का गठन कर दिया है। प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया:
“शिकायत मिलते ही प्राथमिक पूछताछ की गई है। मामले की जांच आंतरिक समिति को सौंप दी गई है, जिसे 7 कार्यदिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।”
पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा पर उठे सवाल
छात्रा ने इस मामले में कल्याणपुर थाना में भी तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है। कैंपस के भीतर हुई इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सेफ्टी पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
अभिभावकों और छात्र संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई और उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित करने की मांग की है।








