फतेहपुर के सरकंडी गांव में रिश्तों का खून, पिता को बचाने गए तो उन पर भी हुआ हमला
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में बहन की शादी की खुशियां 24 घंटे भी नहीं टिक सकीं। जमीन के बंटवारे और शादी में हुए खर्च को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सरकंडी गांव निवासी प्रद्युम्न निषाद मुंबई में नौकरी करता था। वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। शादी संपन्न होने के बाद परिवार के बीच जमीन के बंटवारे और शादी के खर्च को लेकर विवाद शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान बड़े भाई दशरथ ने प्रद्युम्न पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से प्रद्युम्न की मौके पर ही मौत हो गई। बेटे को बचाने पहुंचे पिता भगवानदीन निषाद पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। शादी के घर में जहां एक दिन पहले तक जश्न का माहौल था, वहीं अब मातम पसरा हुआ है। मृतक प्रद्युम्न अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है।
परिजनों ने हत्या की साजिश में दशरथ, उसकी पत्नी कमल कुमारी और साले लवलेश का नाम लेते हुए कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची असोथर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








