राहुल द्विवेदी ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। घाटमपुर थाने में तैनात महिला कांस्टेबल प्रियंका ने मंगलवार को कथित रूप से पति से फोन पर हुए विवाद के बाद गुस्से में चूड़ी पीसकर खा ली। घटना के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे थाने में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका थाने के सीसीटीएनएस कक्ष में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान उनकी पति से फोन पर बातचीत हुई, जो विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद उन्होंने आवेश में आकर चूड़ी पीसकर खा ली।
तबीयत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला कांस्टेबल का इलाज कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल महिला कांस्टेबल की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस विभाग भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगा है।








