ड्राइवर और खलासी ने कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में शनिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब मौरंग से लदे एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ट्रक बांदा से मौरंग लेकर फतेहपुर की ओर आ रहा था। बहुआ कस्बे के पास पहुंचते ही ट्रक से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की तेज लपटें निकलने लगीं। चालक ने तुरंत वाहन रोककर अपने साथी के साथ ट्रक से बाहर छलांग लगा दी, जिससे दोनों सुरक्षित बच गए।
आग की सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
घटना के चलते मार्ग पर लगभग आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित कराया और स्थिति सामान्य कराई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और संबंधित विभाग वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।








