संवाददाता: राजेंद्र पटेल
इंडिया वार्ता न्यूज़, धाता
धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत धाता की सड़कें, गलियां और सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है और लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित शिव मंदिर के पास नाली निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। साथ ही नालियों की सफाई न होने से जलभराव और दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार सफाई कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल “दो दिन में सफाई हो जाएगी” कहकर आश्वासन दिया जाता है, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वार्ड-9 में नाली निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।








