कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत हनुमंत विहार थाना पुलिस ने ईमानदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ पर्स सकुशल वापस कर मानवता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, बर्रा थाना क्षेत्र के विश्व बैंक कॉलोनी (बी-610) निवासी मधु, पत्नी रवि सिंह यादव, श्याम नगर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान जा रही थीं। इसी दौरान टिंकू ढाबा के पास उनका पर्स रास्ते में गिर गया। पर्स में दो छोटे पर्स रखे थे, जिनमें लगभग ₹20 हजार नकद मौजूद थे।
पर्स मिलने पर उस्मानपुर चौकी प्रभारी प्रदीप सिरोही ने उसमें मिले मोबाइल नंबर के आधार पर तत्काल महिला से संपर्क किया और उन्हें चौकी बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद पूरा पर्स एवं उसमें रखी पूरी नकदी सुरक्षित महिला को सौंप दी गई।
अपना खोया हुआ पर्स और नकदी वापस मिलने पर महिला ने कानपुर पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के ऐसे मानवीय और ईमानदार कार्यों से जनता का खाकी पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है।








