नई जिंदगी की शुरुआत के 10 दिन बाद ही थम गई सांसें, सड़क हादसे में नवविवाहित युवक की दर्दनाक मौत

 

 

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नौवाबाग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-2) पर सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। शादी के महज दस दिन बाद हुई इस घटना से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय श्यामू का विवाह 19 जून को पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ था। सोमवार को वह चौथी की रस्म में शामिल होने आए रिश्तेदारों को दहेज में मिली नई बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। रिश्तेदारों को छोड़ने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी नौवाबाग स्थित एनएच-2 पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही श्यामू सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक भारी वाहन की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन दुर्घटना की तीव्रता के कारण वह सिर से निकलकर दूर जा गिरा।

 

हादसे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

 

सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment