फतेहपुर। जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा गांव में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और आधा दर्जन से अधिक लोग आपस में भिड़ गए। घटना के दौरान महिलाओं ने भी विवाद में हिस्सा लिया।
घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूचना मिलने पर थरियांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो को भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है।
थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।








