फतेहपुर। रक्तदान और मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। संस्था को सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘नेशनल सोशल इम्पेक्ट अवार्ड-2026’ और ‘वर्ल्ड बुक ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया।
संस्था की ओर से शोभित सिंह, फूल सिंह मौर्य और गुरमीत सिंह ने पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, लघु उद्योग मंत्री नटवर गोयल, निफा के राष्ट्रीय सचिव अश्विनी सेठी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, समाजसेवी सर्वेश अस्थाना सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संस्था को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
यह सम्मान निफा के ‘संवेदना-2’ अभियान के अंतर्गत रक्तदान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। संस्था ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर मानस रक्तकेंद्र में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया था। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के सभी 75 जिलों से अधिक से अधिक रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना था।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजसेवियों और रक्तदान अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संस्था के पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि को सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, सहयोगियों और समाजसेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि भविष्य में भी मानव सेवा के अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।








