कानपुर ब्यूरो चीफ: राहुल द्विवेदी
कानपुर। कानपुर कमिश्नरेट के पूर्वी जोन की रेलबाजार थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को अपने साथ ले जा रहे 21 वर्षीय आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार मीरपुर निवासी एक महिला ने अपनी 13 वर्षीय पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अमान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक किशोरी को लेकर झकरकटी बस अड्डे से बाहर ले जाने की तैयारी में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी किशोरी को लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मेरठ निवासी 21 वर्षीय अमान के रूप में हुई।
पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग को सुरक्षित बचा लिया गया तथा संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया।








